


कौशांबी।
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में पुलिस और अंतरजनपदीय बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर मोबाइल स्नेचर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज मंझनपुर में भर्ती कराया गया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, पिपरी थाना क्षेत्र के कंसेंदा निवासी तौसीफ अहमद चार दिन पहले सड़क किनारे मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पिपरी थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।
बीती रात मनोरी क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक लेकर चायल की ओर भाग निकले। सूचना मिलते ही पिपरी और चरवा थाना पुलिस ने संयुक्त घेराबंदी की।
गुंगाव के बाग के पास दोनों बदमाश बाइक छोड़कर पैदल भागने लगे।
पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देखकर एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार, निवासी मन्दरमोड, थाना पुरामुफ्ती, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने तौसीफ अहमद से मोबाइल छीनने की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसके खिलाफ प्रयागराज और कौशांबी के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मौके से पुलिस ने एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई साक्ष्यों और जांच के आधार पर की जा रही है। आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमों का सत्यापन भी कराया जा रहा है।