कारगिल विजय दिवस: प्रतापगढ़ में शहीद लांस नायक विजय शुक्ल को श्रद्धांजलि, ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंजा स्मारक
कारगिल विजय दिवस पर प्रतापगढ़ के आईटीआई परिसर स्थित शहीद स्मारक पर लांस नायक विजय शुक्ल को श्रद्धांजलि दी गई। भारत माता की जय के नारों के बीच शहीद की प्रतिमा और स्मारक के विकास की घोषणा भी हुई।

प्रतापगढ़।
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को आईटीआई परिसर स्थित शहीद स्मारक पर कारगिल युद्ध के वीर शहीद लांस नायक विजय शुक्ल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान “भारत माता की जय” और “अमर शहीद लांस नायक विजय शुक्ल अमर रहें” जैसे नारों से पूरा स्मारक परिसर गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर कारगिल युद्ध के सभी वीर शहीदों को नमन किया।
मुख्य अतिथि ने शहीद स्मारक के विकास की घोषणा की
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष के प्रतिनिधि विशाल सिंह ने कहा कि लांस नायक विजय शुक्ल ने कारगिल युद्ध में अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनका बलिदान देश की युवा पीढ़ी के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
उन्होंने शहीद स्मारक स्थल पर बाउंड्री वॉल का निर्माण जल्द कराने की घोषणा भी की।
जल्द स्थापित होगी शहीद विजय शुक्ल की प्रतिमा
युवा क्रांति टीम के अच्युतानंद पाण्डेय ने बताया कि शहीद लांस नायक विजय शुक्ल की प्रतिमा तैयार कर ली गई है और जल्द ही उसे स्मारक स्थल पर स्थापित किया जाएगा।
समाजसेवी रोशनलाल उमरवैश्य ने कहा कि विजय शुक्ल भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका बलिदान भारतीय इतिहास में हमेशा अमर रहेगा।
सैनिकों के बलिदान से सुरक्षित हैं देश की सीमाएं
कार्यक्रम के आयोजक एवं जूनियर बार एसोसिएशन पुरातन के पूर्व महामंत्री जयप्रकाश मिश्र ‘जेपी’ ने कहा कि 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने अपने अदम्य साहस से दुश्मनों को परास्त किया। उन्होंने कहा कि देश की सीमाएं हमारे वीर सैनिकों के त्याग और बलिदान से सुरक्षित हैं तथा प्रत्येक नागरिक को उनके योगदान का सम्मान करना चाहिए।
इस अवसर पर साहित्यकार प्रेम कुमार त्रिपाठी ने अपनी काव्य रचना के माध्यम से शहीद विजय शुक्ल को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
बड़ी संख्या में लोगों ने दी श्रद्धांजलि
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विनय सिंह, अंजनी सिंह, अखिलेश मिश्र, आशीष मिश्र, परमानंद मिश्र, अरुण ओझा, राम प्रकाश, सुदीप सिंह, सभासद बसंत गुप्ता, सुनील मौर्य, शिवेश शुक्ल, विवेक यादव, विद्यासागर शुक्ल, विनोद, अनिल, प्रवीण चतुर्वेदी, प्रदीप शुक्ल, अत्येन्द्र, प्रशांत सिंह बंटी, दीपक उपाध्याय, विजय कांत मिश्र, विवेक दत्त पाली, मुकेश ओझा, चंद्रेश पाण्डेय, आदित्य मिश्र, विजय गुप्ता, अनिल सिंह सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने कारगिल के वीर शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखने और युवाओं को देशसेवा, अनुशासन तथा राष्ट्रहित के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।





