युवाओं को आत्म निर्भर बनाने का काम कर रही सरकार : विधायक राजेन्द्र मौर्य
प्रतापगढ़ में अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 250 प्रशिक्षार्थियों को टूलकिट और ओडीओपी योजना के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति चेक वितरित किए गए। सदर विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

प्रतापगढ़। अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के अवसर पर सरोज चौराहा स्थित एक पैलेस में उद्योग विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में स्वरोजगार एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति चेक एवं टूलकिट वितरित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य ने लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करते हुए आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की स्वरोजगारपरक योजनाएं युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में कार्य कर रही हैं।
उन्होंने उपस्थित प्रशिक्षार्थियों एवं युवाओं से विभागीय योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त उद्योग जे.एन. यादव, अजय प्रसाद, उपायुक्त उद्योग एस.एस. रावत ने भी अपने विचार रखे।
इस दौरान एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के पांच लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति चेक प्रदान किए गए। वहीं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत टेलरिंग ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके 250 प्रशिक्षार्थियों को टूलकिट वितरित की गई।
इस अवसर पर मो0 अनाम, अजय शर्मा, कफील अहमद, मनोज यादव, देवराज, ऋषिराज सिंह तथा विशाल विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।





