ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़

सदर विधानसभा को 27.24 करोड़ की सौगात, 10 विकास परियोजनाओं को मिली मंजूरी

प्रतापगढ़ सदर विधानसभा क्षेत्र में 10 विकास कार्यों के लिए 27.24 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। सड़क, पुल और ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण से आवागमन बेहतर होने की उम्मीद है

प्रतापगढ़।

सदर विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य के प्रयासों को बड़ी कामयाबी मिली है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की लोक निर्माण विभाग की स्वीकृत कार्ययोजना में सदर विधानसभा क्षेत्र के लिए 10 महत्वपूर्ण विकास कार्यों को मंजूरी देते हुए कुल 2723.54 लाख रुपये यानी करीब 27.24 करोड़ रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है। इससे ग्रामीण संपर्क मार्गों के साथ ही पुल निर्माण और प्रमुख मार्ग के चौड़ीकरण/निर्माण की दिशा में क्षेत्र को बड़ी सौगात मिलने की उम्मीद है।

विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य के क्षेत्र में स्वीकृत कार्यों में सबसे बड़ा प्रोजेक्ट प्रतापगढ़-कटरा गुलाब सिंह मार्ग का है। एमडीआर-ओडीआर योजना के तहत करीब 3 किलोमीटर मार्ग के लिए 1536 लाख रुपये यानी 15.36 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह परियोजना क्षेत्रीय आवागमन को बेहतर बनाने की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

इसी क्रम में डंडवा नाले पर 4×15 स्पान लघु सेतु एवं पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 490 लाख रुपये यानी 4.90 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। पुल निर्माण से आवागमन की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण इलाकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
गांव-गांव तक पहुंचेगी बेहतर सड़क

कार्ययोजना में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना (सीएमजीएसवाई) के तहत सदर विधानसभा क्षेत्र के कई संपर्क मार्ग भी शामिल किए गए हैं। कटारी में मिश्रौली नहर तक संपर्क मार्ग के लिए 66.85 लाख, सूर्यगढ़ जगनाथ संपर्क मार्ग से पूरे बसई-पूरे चिरंजीव मार्ग के लिए 86.91 लाख, पूरे अन्ती से विश्वकर्मा बस्ती संपर्क मार्ग के लिए 51.45 लाख तथा फेनहा-महली संपर्क मार्ग के लिए 133.70 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।

इसके अलावा भंगवा पटकी सड़क से पाल बस्ती होते हुए कब्रिस्तान पुलिया तक सड़क निर्माण के लिए 81.20 लाख, बैनीपुर बरऊआ मार्ग से पूरे केवल संपर्क मार्ग के लिए 103.62 लाख, दासियापुर संपर्क मार्ग के लिए 106.96 लाख और सीएमएस मार्ग पेट्रोल टंकी से बोझी संपर्क मार्ग के लिए 66.85 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

विकास कार्यों से बदलेगी सदर की तस्वीर

सदर विधानसभा क्षेत्र में एक साथ 10 परियोजनाओं के लिए करीब 27.24 करोड़ रुपये की स्वीकृति को विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य के विकास एजेंडे की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने पर मुख्य मार्गों के साथ ग्रामीण संपर्क मार्गों की स्थिति बेहतर होगी और आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। अब क्षेत्रवासियों की नजरें इन कार्यों के समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर टिकी हैं।

Girijesh Tiwari

गिरिजेश तिवारी वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया में लंबे समय का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने हिन्दुस्तान, राष्ट्रीय सहारा और यूनाइटेड भारत जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में प्रतापगढ़ से दैनिक पॉड के संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button