पूर्व विधायक से तीन करोड़ की धोखाधड़ी, रिपोर्ट दर्ज
प्रतापगढ़ के पूर्व विधायक बृजेश मिश्रा सौरभ ने शराब ठेका, रियल एस्टेट, पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी दिलाने के नाम पर तीन करोड़ रुपये से अधिक की कथित धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। लखनऊ के विभूतिखंड थाने में आरोपी आलोक मिश्रा समेत कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

प्रतापगढ़। जिले के अंतू कस्बा निवासी पूर्व विधायक बृजेश मिश्रा सौरभ भी ठगी का शिकार हो गये। जिले का ही रहने वाला युवक उन्हें शराब ठेका, रियल स्टेट व पेट्रोल पम्प दिलाने के नाम पर करोड़ों का चूना लगा दिया।
इस मामले में आरोपी आलोक मिश्रा, उनके पिता, भाई, पत्नी व सहयोगियों के खिलाफ लखनऊ के विभूतिखंड थाने में पूर्व विधायक ने तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
पूर्व विधायक बृजेश मिश्रा सौरभ के मुताबिक वर्ष 2016-17 में प्रतापगढ़ निवासी आलोक मिश्रा उनसे संपर्क में आया। विधानसभा क्षेत्र का निवासी होने के कारण भरोसा हासिल किया।
आलोक मिश्रा ने खुद को प्रभावशाली लोगों और मंत्रियों का करीबी बताते हुए रियल एस्टेट, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी और शराब ठेकों में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच दिया।
वर्ष 2022 से 2025 के बीच आरोपियों ने अलग-अलग अवसरों पर ऑनलाइन और नकद मिलाकर तीन करोड़ रुपये से अधिक की रकम ले ली।
आरोपियों ने वंदे गणपति इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के नाम से कंपनी बनाकर पूर्व विधायक को निदेशक बनाया, चेकों पर हस्ताक्षर कराए और बाद में उन्हीं चेकों के जरिए रकम निकालकर गबन कर लिया।





