बीकापुर में किसानों-मजदूरों का फूटा आक्रोश, संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर निकाला विरोध मार्च
अयोध्या के बीकापुर में संयुक्त किसान मोर्चा और केंद्रीय श्रमिक संगठनों के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर किसानों-मजदूरों ने विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।

अयोध्या।
संयुक्त किसान मोर्चा और केंद्रीय श्रमिक संगठनों के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर सोमवार को बीकापुर में किसानों और मजदूरों ने विरोध मार्च निकालकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। दोपहर करीब 12 बजे विभिन्न जनसंगठनों के कार्यकर्ता तहसील परिसर स्थित शहीद स्मारक पर एकत्र हुए। इसके बाद गगनभेदी नारों के बीच विशाल जुलूस निकाला गया।
जुलूस का नेतृत्व संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक मया राम वर्मा, किसान सभा के प्रदेश सचिव अशोक कुमार तिवारी, किसान सभा के जिला सचिव मयाराम वर्मा, किसान महासभा के संयोजक उमाकांत विश्वकर्मा और भाकियू नेता कमला प्रसाद बागी ने किया। प्रदर्शनकारी बीकापुर कोतवाली और बाजार के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस शहीद स्मारक पहुंचे, जहां जुलूस सभा में तब्दील हो गया।
किसानों-मजदूरों के मुद्दों पर सरकार को घेरा
तहसील परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कॉरपोरेट घरानों के हित में अमेरिका के साथ कृषि समझौते को बढ़ावा दे रही है, जिससे छोटे और सीमांत किसानों की आजीविका पर संकट पैदा होगा।
वक्ताओं ने चार श्रम संहिताओं को भी मजदूर विरोधी बताते हुए इन्हें वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों और मजदूरों के अधिकारों को कमजोर करने वाली नीतियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने बिजली के निजीकरण और प्रीपेड स्मार्ट मीटर का भी विरोध किया। उन्होंने पुराने बिजली बिल माफ करने और निजीकरण की प्रक्रिया रोकने की मांग उठाई।
पेपर लीक और भर्ती में भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठा
सभा में नीट और अन्य सरकारी प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक तथा भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि परीक्षा और भर्ती व्यवस्था को लेकर युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने शांतिपूर्ण आंदोलनों में शामिल छात्रों और युवाओं पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने तथा गिरफ्तारियों पर रोक लगाने की मांग की।
सभा को माकपा जिला सचिव अशोक यादव, भाकपा (माले) जिला प्रभारी अतीक अहमद, एटक नेता शैलेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व प्रधान राम कृपाल पटेल, अपना दल (बलिहारी) के अध्यक्ष धर्मराज पटेल, राम तिलक वर्मा, आशीष पटेल, अनिरुद्ध प्रताप मौर्य, सुग्रीव धुरिया, मोहम्मद कासिम, अवधेश कुमार वर्मा, राधेश्याम विमल, परशुराम निषाद और राज कुमार मौर्य समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया। संचालन वरिष्ठ ट्रेड यूनियन नेता काशीराम यादव ने किया।
राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी बीकापुर को सौंपा। ज्ञापन में भारत-अमेरिका कृषि डील समेत किसान विरोधी समझौतों को वापस लेने, चारों श्रम संहिताओं को निरस्त कर पुराने श्रम कानून बहाल करने, पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन करने वाले छात्रों और युवाओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने तथा गिरफ्तारियों पर रोक लगाने समेत कई मांगें शामिल रहीं।





