ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़

आत्महत्या का ड्रामा रच पुलिस को किया गुमराह, पति गिरफ्तार

प्रतापगढ़ के मानिकपुर थाना क्षेत्र में आत्महत्या का झूठा ड्रामा रचकर पुलिस और एसडीआरएफ को गुमराह करने वाले पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आर्थिक तंगी और पारिवारिक तनाव के चलते रची गई साजिश में पत्नी के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया।

प्रतापगढ़।

मानिकपुर पुलिस ने गंगा नदी में कूदकर आत्महत्या की झूठी सूचना देकर पुलिस व एसडीआरएफ को गुमराह करने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसकी पत्नी के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार कौशाम्बी निवासी नाजिया बेगम ने 21 जुलाई को सूचना दी थी कि उनके पति मोहम्मद नदीम लापता हैं। शहजादपुर स्थित दुर्गा भाभी सेतु पर उनकी स्कूटी, चप्पल और बैटरी-सिम रहित मोबाइल मिलने से गंगा में कूदकर आत्महत्या की आशंका जताई गई थी। सूचना पर मानिकपुर पुलिस, गोताखोरों और एसडीआरएफ ने कई दिनों तक गंगा नदी में खोजबीन की।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से पता चला कि मोहम्मद नदीम अपने मित्र के संपर्क में था और फरीदाबाद (हरियाणा) में मौजूद है।

पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने स्वीकार किया कि आर्थिक तंगी, बैंक ऋण और पारिवारिक तनाव के कारण वह घर छोड़कर चला गया था तथा आत्महत्या का भ्रम पैदा करने के लिए खुद ही स्कूटी, मोबाइल और चप्पल पुल पर छोड़ गया था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि नदीम और उसकी पत्नी ने मिलकर झूठी सूचना देकर पुलिस व सरकारी संसाधनों को अनावश्यक रूप से खोज अभियान में लगाया।

इस मामले में दोनों के खिलाफ मानिकपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया, जबकि नामजद महिला के विरुद्ध विधिक कार्रवाई जारी है।

Girijesh Tiwari

गिरिजेश तिवारी वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया में लंबे समय का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने हिन्दुस्तान, राष्ट्रीय सहारा और यूनाइटेड भारत जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में प्रतापगढ़ से दैनिक पॉड के संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button