
प्रयागराज।
अवध की लोक परंपरा और कजरी लोक संगीत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित आठ दिवसीय कनकधारा कजरी कार्यशाला महोत्सव का समापन 9 अगस्त को होगा। कनकधारा एवं रोटरी प्रयागराज संगम के सह-तत्वावधान में आयोजित समापन समारोह दोपहर 1 बजे से प्रयाग संगीत समिति के मेहता ऑडिटोरियम, सिविल लाइंस में होगा।
डीएम मनीष वर्मा होंगे मुख्य अतिथि
कनकधारा की अध्यक्ष एवं गायिका स्वाती निरखी ने बताया कि समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष वर्मा होंगे। कार्यक्रम में बनारस घराने की ‘ए’ ग्रेड लोक गायिका आश्रया द्विवेदी प्रशिक्षिका के रूप में मौजूद रहेंगी।
छात्राएं देंगी कजरी गायन की प्रस्तुति
आठ दिनों तक चली कजरी कार्यशाला में छात्राओं को कजरी गायन की बारीकियों और लोक संगीत की परंपराओं से परिचित कराया गया। कार्यशाला के समापन अवसर पर प्रशिक्षित छात्राएं मंच पर अपनी कजरी गायन की प्रस्तुति देंगी।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। आयोजकों के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य कजरी जैसी पारंपरिक लोक विधाओं को नई पीढ़ी से जोड़ना और लोक संगीत की विरासत को आगे बढ़ाना है।
रोटरी प्रयागराज संगम के पदाधिकारी भी रहेंगे मौजूद
समापन समारोह में रोटरी प्रयागराज संगम के अध्यक्ष रोटेरियन अमरेंद्र सिंह और सचिव रोटेरियन साधना श्रीवास्तव सहित शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।





