डीएम ने पल्स पोलियो जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी, जिले के 4.23 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
फतेहपुर में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की। जिले में 4.23 लाख बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक दो बूंद पिलाने के लिए 1,280 बूथ और 884 टीमें तैनात की गई हैं।

फतेहपुर। पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए जनपद में रविवार से शुरू हो रहे सघन पलियो अभियान का शुभारंभ शनिवार को जिला चिकित्सालय परिसर से जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं पैदल चलकर लोगों से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की।
रैली में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. यूबी singh, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पीके सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार, जिला क्षय रोग नियंत्रण अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, गावी एवं जेएसआई के प्रतिनिधि, पत्रकार, एनसीसी कैडेट्स, डायट के प्रशिक्षु, नर्सिंग छात्राएं तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां बड़ी संख्या में शामिल रहीं। जिला चिकित्सालय से शुरू हुई यह जागरूकता रैली आबूनगर क्षेत्र तक निकाली गई, जहां लोगों को पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक किया गया।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि 28 जून को आयोजित बूथ दिवस के दौरान जनपद के सभी सरकारी विद्यालय खुले रहेंगे। शिक्षक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां ‘बुलावा टोली’ के माध्यम से घर-घर जाकर अभिभावकों को पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक दो बूंद पिलाने के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने कहा कि जन्म से पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. यूबी सिंह ने बताया कि अभियान के तहत जनपद के 4 लाख 23 हजार 800 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 1,280 पोलियो बूथ, 42 ट्रांजिट टीमें, 884 घर-घर टीमें, 256 पर्यवेक्षक तथा 39 सचल टीमें तैनात की गई हैं, जो अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करेंगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं और पोलियो मुक्त भारत के अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। स्वास्थ्य विभाग ने विश्वास जताया कि जनसहयोग से यह अभियान शत-प्रतिशत सफल होगा और जनपद पोलियो उन्मूलन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करेगा।





