मानसून सत्र में सरकार को घेरने की तैयारी में कांग्रेस, राम मंदिर चंदा, NEET पेपर लीक और महंगाई होंगे प्रमुख मुद्दे
राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि कांग्रेस संसद के मानसून सत्र में राम मंदिर चंदा विवाद, NEET समेत पेपर लीक, मणिपुर हिंसा, महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरेगी।

प्रतापगढ़। संसद के आगामी मानसून सत्र से पहले कांग्रेस ने केंद्र सरकार को कई अहम मुद्दों पर घेरने की रणनीति तैयार कर ली है।
राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने रविवार को कहा कि विपक्ष संसद में अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे (चंदा) से जुड़े कथित अनियमितताओं, NEET समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक, मणिपुर हिंसा, महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगा।
प्रमोद तिवारी ने आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम के मंदिर में चढ़ावे को लेकर सामने आए मामले ने करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि यह केवल धन का नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और धार्मिक भावनाओं से जुड़ा गंभीर मामला है और इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि विपक्ष संसद में NEET सहित विभिन्न भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक का मुद्दा भी मजबूती से उठाएगा। उनका कहना था कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने युवाओं के भविष्य और भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
प्रमोद तिवारी ने यह भी कहा कि मणिपुर में दोबारा बढ़ती हिंसा, किसानों को फसल उत्पादन में आ रही दिक्कतें, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और पेट्रोल में एथनॉल से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने कहा कि संसद का मानसून सत्र जनहित के इन मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह बनाने का मंच बनेगा।





