वाटर पार्क में डूबने से हुई बच्ची की मौत मामले में मुकदमा दर्ज
प्रतापगढ़ के कुंडा क्षेत्र स्थित अलुवामई वाटर पार्क में नहाने गई आठ वर्षीय बालिका की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि वाटर पार्क की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

प्रतापगढ़ । तहसील क्षेत्र के अलुवामई में बने वाटर पार्क में बीती शाम मासूम किशोरी की गहरे पानी में चले जाने से डूबकर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनो में कोहराम मच गया। इस मामले को लेकर पुलिस रिपोर्ट दर्ज जांच में जुटी हुई है।
मानिकपुर के अलुवामई निवासी सुशील केसरवानी की आठ वर्षीय बेटी तान्या मंगलवार की शाम वाटर पार्क में नहा रही थी। इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी तो वहां पर मौजूद आस पास के लोगों ने उसे पानी से बाहर निकाला और परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडा लेकर गए जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद तान्या को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में इस बात का आक्रोश है कि अलुवामई में काफी समय से चल रहे वाटर पार्क में नियमों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर वाटर पार्क संचालित किया जा रहा है। इस बारे में मानिकपुर इंस्पेक्टर पंकज कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।



