अपना दल कमेरावादी का प्रदर्शन, खाद-बीज, सिंचाई, बिजली और महिला सुरक्षा समेत छह सूत्रीय मांगों पर राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
फतेहपुर में अपना दल कमेरावादी ने किसानों और आम जनता की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। पार्टी ने खाद-बीज, सिंचाई, बिजली, महिला सुरक्षा समेत छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन राज्यपाल के नाम सौंपा।

फतेहपुर। किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना दल कमेरावादी ने मंगलवार को प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष विद्या प्रसाद पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद और उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, खाद की कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई करने तथा पेट्रोल और डीजल में इथेनॉल मिश्रण से उत्पन्न समस्याओं को देखते हुए ईंधन में मिलावट पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की गई।
पार्टी ने धान की रोपाई के मौसम में नहरों में टेल तक सिंचाई का पानी पहुंचाने, खराब पड़े सरकारी नलकूपों की तत्काल मरम्मत कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती समाप्त कर पर्याप्त वोल्टेज के साथ नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई।
वक्ताओं ने कहा कि किसानों को खाद, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं समय पर नहीं मिल रही हैं, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। साथ ही महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से कड़ी और प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष विद्या प्रसाद पटेल ने कहा कि यदि सरकार ने जनहित से जुड़ी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक तथा उग्र बनाया जाएगा।
प्रदर्शन में राजेश कुमार, जीतू पटेल, अयोध्या प्रसाद प्रजापति, अमरपाल पटेल, राजकुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।





