
प्रतापगढ़।
शहर के महुली मोहल्ले में जर्जर मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत की दर्दनाक घटना के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए घटना में जीवित बचे अमन श्रीवास्तव से मुलाकात की और उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
अजय राय ने कहा कि महुली की घटना बेहद हृदयविदारक है। एक ही परिवार के छह लोगों की जान चली जाना पूरे समाज को झकझोर देने वाला हादसा है। उन्होंने पीड़ित अमन श्रीवास्तव से मुलाकात कर उसे ढांढस बंधाया और उसके बेहतर इलाज एवं भविष्य के लिए सरकार से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने शहर में चिन्हित किए गए 100 से अधिक जर्जर मकानों को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि शहर में जर्जर भवनों को पहले से चिन्हित किया गया था तो उनकी सुरक्षा को लेकर समय रहते ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने जिलाधिकारी से शहर में चिन्हित सभी जर्जर मकानों की सूची सार्वजनिक करने तथा ऐसे भवनों को लेकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि महुली हादसे में परिवार ने अपना सब कुछ खो दिया है। ऐसे में सरकार को पीड़ित परिवार के पुनर्वास और भविष्य की सुरक्षा के लिए ठोस आर्थिक सहायता देनी चाहिए। कांग्रेस ने पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिए जाने की मांग की।
साथ ही हादसे में परिवार के इकलौते बचे अमन श्रीवास्तव को तत्काल सरकारी नौकरी देने की भी मांग उठाई गई, ताकि वह अपने जीवन को दोबारा पटरी पर ला सके।
अजय राय ने प्रशासन से यह भी मांग की कि जर्जर भवनों की पहचान के बाद केवल नोटिस जारी करने तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि उनकी स्थिति के अनुसार समयबद्ध तरीके से सुरक्षा, मरम्मत अथवा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज तिवारी, डॉ. प्रशांतदेव शुक्ल समेत प्रतापगढ़ और अन्य क्षेत्रों से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से तत्काल राहत और दीर्घकालिक पुनर्वास की व्यवस्था किए जाने की मांग की।





