सावन से पहले घुइसरनाथ धाम पहुंचे एडीजी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
श्रावण मास शुरू होने से पहले प्रयागराज जोन के एडीजी ज्योति नारायण ने प्रसिद्ध बाबा घुइसरनाथ धाम पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। सीसीटीवी, कंट्रोल रूम, अतिरिक्त पुलिस बल, अस्थायी पुलिस चौकियों और कांवड़ मार्गों पर विशेष सुरक्षा इंतजाम के निर्देश दिए गए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारु यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।

लालगंज, प्रतापगढ़।
श्रावण मास के शुभारंभ से एक दिन पूर्व बुधवार को प्रयागराज जोन के एडीजी ज्योति नारायण ने प्रसिद्ध बाबा घुइसरनाथ धाम पहुंचकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाबा घुइसरनाथ का जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर सहित अन्य अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग, घाटों, बैरिकेडिंग तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत में एडीजी ज्योति नारायण ने बताया कि गुरुवार से प्रारंभ हो रहे श्रावण मास को देखते हुए घुइसरनाथ धाम सहित जिले के सभी प्रमुख शिवालयों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जा रहा है तथा निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए जा रहे हैं। इसके अलावा संवेदनशील स्थानों पर अस्थायी पुलिस चौकियां भी बनाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई जाएगी। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
एडीजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रावण मास के दौरान दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए। निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंदिर प्रबंधन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।





