
लालगंज, प्रतापगढ़। बाबा घुश्मेश्वरनाथ धाम स्थित सई नदी में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक और एक युवती ने पुल से नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छलांग लगाने के बाद युवती किसी तरह तैरकर नदी के किनारे पहुंच गई, जहां मौजूद लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं युवक नदी की धारा में लापता हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। देर शाम तक सई नदी में सर्च अभियान जारी रहा, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका।
लापता युवक की पहचान अमेठी के थाना संग्रामपुर के अंतू के विशेषरगंज का रहने वाला रवि मौर्य है। बताया जाता है कि युवक ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले घर वालों को मोबाइल पर सूचना भी दे दिया था।युवती से पूछताछ के बाद घरवालों के सुपुर्द कर दिया गया। जबकि गोताखोर लगातार नदी में युवक की तलाश कर रहे हैं।
पुलिस और गोताखोरों द्वारा सर्च अभियान लगातार जारी है। घटना से संबंधित जैसे नई और आधिकारिक जानकारी प्राप्त होगी, समाचार को अपडेट किया जाएगा।





