
प्रयागराज।
सिविल लाइंस स्थित होटल कम्फर्ट इन में अग्रवाल युवा महिला मंडल की ओर से आयोजित ‘पर्व फुहार’ कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, पारंपरिक परिधानों और पर्वों की रंगारंग छटा देखने को मिली। महिलाओं ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और उत्साह के साथ कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। आयोजन के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा माहौल उमंग, उल्लास एवं आपसी सौहार्द से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में मनोरंजक और प्रतिभा आधारित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इंडियन तीज क्वीन प्रतियोगिता में दीप्ति गुप्ता ने खिताब अपने नाम किया। वहीं इंडो-वेस्टर्न तीज क्वीन का ताज स्वाति अग्रवाल के सिर सजा। आकांक्षा अग्रवाल और सोनल मित्तल को उपविजेता घोषित किया गया।
हिट जोड़ी प्रतियोगिता में भी प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मित्र वर्ग में डॉ. वर्षा अग्रवाल और सुनयना अग्रवाल की जोड़ी विजेता रही। देवरानी-जेठानी वर्ग में स्वाति अग्रवाल और आरती अग्रवाल ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
संरक्षक डॉ. सबिता अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने के साथ भारतीय संस्कृति एवं पारंपरिक पर्वों से जुड़ने का अवसर देते हैं। संरक्षक रीनू मित्तल और अध्यक्ष सारिका अग्रवाल ने कहा कि ‘पर्व फुहार’ का उद्देश्य मनोरंजन के साथ महिलाओं को एक मंच पर जोड़ना और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम का सफल संचालन महामंत्री डॉ. कीर्ति अग्रवाल ने किया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. विनिता अग्रवाल ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने कहा कि ‘पर्व फुहार’ जैसे आयोजन भारतीय संस्कृति और पारंपरिक पर्वों को उत्सव के रूप में मनाने के साथ समाज में महिला सहभागिता और आपसी एकजुटता को भी मजबूत करते हैं।





