प्रतापगढ़ : प्यार में तकरार तो टावर बना इजहार का मंच, फिर चढ़ गई युवती
प्रतापगढ़ के कुंडा में एक युवती प्रेमी द्वारा बातचीत बंद किए जाने से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। पुलिस ने समझाकर उसे सुरक्षित नीचे उतारा। प्रेम-प्रसंग में टावर पर चढ़ने की बढ़ती घटनाएं चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

कुंडा, प्रतापगढ़। मोबाइल टावर अब सिर्फ संचार का माध्यम नहीं रह गए हैं, बल्कि अपनी बात मनवाने और नाराजगी जताने के एक चर्चित माध्यम भी बनते जा रहे हैं। खासकर प्रेम-प्रसंग से जुड़े मामलों में टावर पर चढ़ने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।
कुंडा के फरेंदुपुर मोहल्ले में भी मंगलवार को कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
युवती ने नीचे उतरने के बाद बताया कि वह जलेसरगंज क्षेत्र के एक युवक से बातचीत करती थी। कुछ समय से युवक ने उससे बात करना बंद कर दिया, जिससे वह परेशान हो गई। युवती का कहना था कि उसे कोई रास्ता नहीं सूझा, इसलिए वह टावर पर चढ़ गई।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय सिर्फ युवती का टावर पर चढ़ना नहीं रहा, बल्कि वह बदलता सामाजिक व्यवहार भी रहा, जिसमें लोग अपनी बात मनवाने या नाराजगी जताने के लिए जोखिम भरे तरीके अपनाने लगे हैं।
हाल के महीनों में सामने आई ऐसी अधिकांश घटनाओं में प्रेम-प्रसंग, रिश्तों में तनाव या आपसी मनमुटाव ही मुख्य वजह बनकर उभरे हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा। घटना के दौरान सड़क पर जाम जैसी स्थिति बनी रही और लोगों की भारी भीड़ जमा रही। युवती के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
क्षेत्र में अब यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि अपनी बात मनवाने के लिए टावर पर चढ़ने का यह तरीका कहीं न कहीं युवाओं के बीच एक खतरनाक चलन का रूप लेता जा रहा है, जिस पर समाज और परिवार दोनों को गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।





