प्रतापगढ़ महुली हादसा: डीएम-एसपी पहुंचे घटनास्थल, पीड़ित परिवार को मिली ₹26.20 लाख की राहत राशि
प्रतापगढ़ के महुली वार्ड में जर्जर मकान गिरने से छह लोगों की मौत के बाद डीएम अभिषेक पाण्डेय और एसपी दीपक भूकर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को कुल ₹26.20 लाख की राहत सहायता प्रदान की।

प्रतापगढ़।
महुली वार्ड में जर्जर मकान ढहने से एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गुरुवार को जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने संयुक्त रूप से घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हरसंभव प्रशासनिक सहायता का भरोसा दिलाया।
प्रशासन के अनुसार, देर रात करीब 2 बजे प्रमोद श्रीवास्तव का जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में प्रमोद श्रीवास्तव (60), रीता (55), नितिन (25), माधुरी (23), माधव (1 वर्ष) और 10 माह के अद्विक उर्फ बाबू की मलबे में दबकर मौत हो गई। परिवार का सदस्य अमन सुरक्षित बच गया।
पीड़ित परिवार को मिली ₹26.20 लाख की सहायता
जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार पीड़ित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध कराई गई है। दैवीय आपदा राहत मद के तहत छह मृतकों के लिए प्रति व्यक्ति ₹4 लाख की दर से कुल ₹24 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त पक्के मकान के लिए ₹1.20 लाख तथा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना के अंतर्गत ₹1 लाख की अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की गई। इस प्रकार परिवार को कुल ₹26.20 लाख की आर्थिक राहत उपलब्ध कराई गई है।
बारिश के बीच जर्जर मकानों को लेकर प्रशासन अलर्ट
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर जर्जर और असुरक्षित मकानों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए जागरूक करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि घटना से संबंधित सभी आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं नियमानुसार पूरी की जा रही हैं। सभी मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया और अन्य कानूनी कार्रवाई समयबद्ध तरीके से संपन्न की गई।
निरीक्षण के दौरान पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि विशाल विक्रम सिंह एवं विनय सिंह ‘बब्बू’ भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।





