सांसद प्रमोद तिवारी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए कांग्रेसजनों ने किया रुद्राभिषेक
प्रतापगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना को लेकर घुइसरनाथ धाम में रुद्राभिषेक तथा हनुमान मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन किया। दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल में उनका उपचार जारी है और स्वास्थ्य में सुधार बताया गया है।

प्रतापगढ़। कांग्रेस के वरिष्ठतम नेता एवं राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना को लेकर जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों द्वारा विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।
घुइसर नाथ धाम में समर्थकों ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया तथा महामृत्युंजय मंत्र का जाप एवं पाठ कर उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि प्रमोद तिवारी लंबे समय से जनसेवा और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहे हैं तथा उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए जनपदवासी निरंतर ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं। 
इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने स्थानीय हनुमान मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन किया। कार्यकर्ताओं ने बजरंगबली से प्रार्थना करते हुए अपने नेता के शीघ्र स्वस्थ होकर पुनः जनसेवा में सक्रिय होने की कामना की।इस अवसर पर डॉ प्रशांतदेव शुक्ल,महेंद्र शुक्ल,प्रेम शंकर द्विवेदी,वेदांत तिवारी समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उधर, प्रमोद तिवारी के मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल ने बताया कि नेता जी का उपचार दिल्ली स्थित मैक्स हॉस्पिटल में चल रहा है। चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज जारी है और उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है।





