Instagram पर आपत्तिजनक विज्ञापनों पर केंद्र सख्त, Meta को नोटिस; 7 दिन में मांगा जवाब
केंद्र सरकार ने Instagram पर बाल यौन शोषण से जुड़ी सामग्री (CSEAM) को बढ़ावा देने वाले विज्ञापनों के मामले में Meta को नोटिस जारी किया है। MeitY ने आपत्तिजनक विज्ञापन हटाने और 7 दिन के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया।
केंद्र सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Meta को नोटिस जारी कर Instagram पर बाल यौन शोषण से जुड़ी सामग्री (Child Sexual Exploitative and Abuse Material – CSEAM) को बढ़ावा देने वाले विज्ञापनों को तत्काल हटाने का निर्देश दिया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई इंस्टाग्राम पर चल रहे पेड विज्ञापनों को लेकर की गई है।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने नोटिस में कहा है कि इंस्टाग्राम को ऐसे सभी विज्ञापन और कंटेंट तुरंत हटाने होंगे, जो बाल यौन शोषण से जुड़ी सामग्री तक पहुंच को बढ़ावा देते हैं या उसे उपलब्ध कराते हैं।
मंत्रालय ने Meta से इस मामले में सात दिनों के भीतर विस्तृत स्पष्टीकरण भी मांगा है।
यह कार्रवाई BBC Eye की एक जांच रिपोर्ट के बाद हुई है, जिसमें दावा किया गया कि भारत में इंस्टाग्राम पर ऐसे पेड विज्ञापन चल रहे थे, जो बाल यौन शोषण से संबंधित सामग्री का प्रचार कर रहे थे।






