
प्रतापगढ़।
मीरा भवन स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में गुरुवार को मंडलीय बेसिक विद्यालयी हॉकी, फुटबॉल एवं कुश्ती प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में प्रयागराज मंडल के प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशाम्बी और फतेहपुर जनपदों की बालक-बालिका टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में प्रतापगढ़ के खिलाड़ियों का दबदबा रहा और हॉकी के दोनों वर्गों के साथ बालक फुटबॉल में जनपद ने विजेता का खिताब अपने नाम किया।
बालक हॉकी के फाइनल में प्रतापगढ़ ने प्रयागराज को एकतरफा मुकाबले में 7-0 से करारी शिकस्त देकर खिताब जीता। वहीं बालिका हॉकी में भी प्रतापगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रयागराज को 3-0 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
बालक फुटबॉल का मुकाबला भी प्रतापगढ़ के नाम रहा। प्रतापगढ़ ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रयागराज को 6-1 से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा किया। हालांकि बालिका फुटबॉल में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। निर्धारित मुकाबले के बाद पेनाल्टी शूटआउट में प्रयागराज ने बाजी मारी, जबकि प्रतापगढ़ की टीम उपविजेता रही।
कुश्ती में भी प्रतापगढ़ के खिलाड़ियों का जलवा
कुश्ती प्रतियोगिता के बालक वर्ग में 25 से 30 किलोग्राम भार वर्ग में प्रयागराज के हरिबंश राज शर्मा विजेता रहे। 30 से 35 किग्रा में प्रतापगढ़ के अंश सिंह, 35 से 40 किग्रा में मान सिंह, 40 से 45 किग्रा में आदर्श गौतम तथा 46 से 50 किग्रा भार वर्ग में लकी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बालिका वर्ग में 25 से 30 किग्रा में नीशू पटेल, 30 से 35 किग्रा में पीहू शर्मा, 35 से 40 किग्रा में गरिमा तथा 40 से 45 किग्रा भार वर्ग में नेहा श्रीवास्तव ने विजेता का खिताब हासिल किया। इन परिणामों ने प्रतियोगिता में प्रतापगढ़ के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को और मजबूती प्रदान की।
प्रतियोगिता जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में जिला व्यायाम शिक्षक राम कुमार सिंह, जिला व्यायाम शिक्षिका मंजू सिंह एवं जिला स्काउट मास्टर सुशील सिंह की देखरेख में सकुशल संपन्न हुई। आयोजन में बृजेश यादव, राजीव सिंह तथा प्रयागराज, कौशाम्बी और फतेहपुर के जिला व्यायाम शिक्षकों ने सहयोग प्रदान किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका स्टेडियम कोच आशुतोष सिंह, अरविंद यादव, बुद्ध प्रकाश, सुभाष पांडेय, खुर्शीद अली, राजेंद्र पांडेय, शैलेश सिंह, अजय कुमार, पवन सिंह एवं कपिल देव ने निभाई।





