ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़

बूथ स्तर तक कांग्रेस संगठन को मजबूत किया जाएगा: प्रमोद सहवाग

प्रतापगढ़ में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत एआईसीसी ऑब्जर्वर प्रमोद सहवाग ने बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की बात कही। जिला अध्यक्ष का चयन पारदर्शिता से होगा और अभियान 20 अगस्त तक पूरा किया जाएगा।

प्रतापगढ़।

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत, सक्रिय और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत बुधवार को एआईसीसी ऑब्जर्वर प्रमोद सहवाग प्रतापगढ़ पहुंचे।

मीरा भवन स्थित लीला पैलेस में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने अभियान की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए कहा कि संगठन में समर्पित, सक्रिय और जमीनी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी तथा जिला अध्यक्ष का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने जिला अध्यक्ष पद के इच्छुक दावेदारों को आवेदन पत्र भी वितरित किए।

प्रमोद सहवाग ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश में संगठन को नए सिरे से मजबूत और जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने का निर्णय लिया है।

संगठन सृजन महज पदों के गठन की प्रक्रिया नहीं, बल्कि वरिष्ठ नेताओं, अनुभवी पदाधिकारियों और जमीनी कार्यकर्ताओं के विचार-विमर्श से मजबूत संगठन खड़ा करने का अभियान है। इसके तहत जिला, नगर, ब्लॉक, मंडल और वार्ड स्तर तक संगठन की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।

वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों, वार्ड अध्यक्षों, वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों तथा विधानसभा, लोकसभा और नगर निकाय चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों से भी संवाद किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 12 से 19 अगस्त तक जिले के विभिन्न ब्लॉकों में संगठन सृजन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और 20 अगस्त तक इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर ली जाएगी। अभियान के दौरान सभी मंडलों, ब्लॉकों और वार्डों की संगठनात्मक स्थिति का आकलन कर आवश्यक जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।

सहवाग ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य ऐसा संगठन तैयार करना है जो बूथवार और वार्डवार मजबूत होने के साथ लगातार जनता के बीच सक्रिय रहे। आगामी चुनावों को देखते हुए कार्यकर्ताओं को जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष के लिए भी तैयार किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता का संचालन कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने किया। इस दौरान पीसीसी कोऑर्डिनेटर एवं पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, पीसीसी कोऑर्डिनेटर हरिकेश त्रिपाठी, पीसीसी कोऑर्डिनेटर प्रमोद मिश्रा और नगर अध्यक्ष मोहम्मद इश्तियाक सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Girijesh Tiwari

गिरिजेश तिवारी वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया में लंबे समय का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने हिन्दुस्तान, राष्ट्रीय सहारा और यूनाइटेड भारत जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में प्रतापगढ़ से दैनिक पॉड के संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button