
प्रयागराज।
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के पूर्व जिला प्रभारी एवं उच्च न्यायालय के अधिवक्ता आईपी रामबृज ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में यदि उत्तर प्रदेश में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के नेतृत्व में सरकार बनती है तो प्रदेश में संविधान के अनुसार शासन व्यवस्था लागू कर उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी की सरकार बनने पर कक्षा एक से 12वीं तक के सभी बच्चों को निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। उनका कहना है कि इससे गरीब और कमजोर वर्ग के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा और भविष्य का अवसर मिल सकेगा। इसके साथ ही सभी परिवारों के लिए मुफ्त और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का दावा किया गया।
शराबबंदी और रोजगार को लेकर भी किए वादे
आईपी रामबृज ने कहा कि प्रदेश में शराबबंदी लागू कर समाज को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। वर्षों से खाली पड़े बैकलॉग के पदों को तत्काल भरने तथा शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलने तक बेरोजगारी भत्ता देने की बात भी कही गई।
उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस के जवानों के लिए आठ घंटे की ड्यूटी, साप्ताहिक अवकाश और बेहतर आवास की व्यवस्था करने का दावा किया। साथ ही पुलिस विभाग में लागू बॉर्डर स्कीम को समाप्त करने की बात कही।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए सात सख्त कानूनों का दावा
उन्होंने कहा कि शिक्षकों को गैर-शिक्षण कार्यों से मुक्त कर उन्हें केवल शिक्षा और विद्यार्थियों के भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर दिया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा के लिए सात सख्त कानून बनाए जाएंगे और मामलों में त्वरित न्याय के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था की जाएगी।
पुरानी पेंशन और मुफ्त बिजली का भी वादा
आईपी रामबृज ने कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना दोबारा लागू करने की बात कही। इसके अलावा आम जनता को राहत देने के लिए हर परिवार को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने और प्रीपेड मीटर के नाम पर हो रही कथित अवैध वसूली को बंद करने का दावा किया।
उन्होंने कहा कि आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की नीतियों का उद्देश्य संविधान के मूल्यों के आधार पर शासन व्यवस्था स्थापित करना और समाज के कमजोर, गरीब, युवा, कर्मचारी तथा महिलाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।





