
प्रयागराज।
सरकारी खरीदारी के लिए इस्तेमाल होने वाले GeM (Government e-Marketplace) पोर्टल पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। प्रयागराज साइबर क्राइम थाना पुलिस ने GeM पोर्टल की लॉगिन आईडी और पासवर्ड हासिल कर बेनिफिशियरी बैंक खाते में बदलाव करने और भुगतान की 31 लाख 34 हजार 612 रुपये की रकम अपने खाते में मंगाने के आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीलेश कुमार अहिरवार (33) पुत्र रमेश चंद्र अहिरवार, निवासी कोटरा सुल्तानाबाद, थाना कमला नगर, भोपाल, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किया गया है।
ऐसे रचा साइबर ठगी का जाल
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खुद को सरकारी ब्रोकर बताते हुए शिकायतकर्ता से संपर्क किया था। उसने भरोसा दिलाया कि GeM पोर्टल पर पंजीकृत मूल उपकरण निर्माताओं यानी OEM से ऑर्डर लेने के लिए जरूरी ऑथराइजेशन कोड उपलब्ध करा सकता है।
आरोपी ने शुरुआत में कुछ सही ऑथराइजेशन कोड उपलब्ध कराए, जिससे शिकायतकर्ता का उस पर विश्वास बढ़ गया। इसी भरोसे में शिकायतकर्ता ने उसे GeM पोर्टल की लॉगिन आईडी और पासवर्ड उपलब्ध करा दिया।
पुलिस का आरोप है कि लॉगिन की जानकारी मिलने के बाद आरोपी ने इसका दुरुपयोग किया और शिकायतकर्ता की अनुमति के बिना GeM पोर्टल पर दर्ज बेनिफिशियरी बैंक खाते को बदलकर अपना निजी बैंक खाता जोड़ दिया।
31.34 लाख रुपये अपने खाते में मंगाए
बैंक खाते में बदलाव करने के बाद GeM पोर्टल से होने वाले भुगतान आरोपी के खाते में पहुंचने लगे। पुलिस के अनुसार आरोपी ने कुल 31,34,612 रुपये अपने खाते में प्राप्त किए। इसके बाद रकम को निजी इस्तेमाल में खर्च करने और दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर करने का आरोप है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रयागराज साइबर क्राइम थाना पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान बैंक खातों, डिजिटल लेनदेन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी नीलेश कुमार अहिरवार को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया।
इन धाराओं में दर्ज है मुकदमा
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 33/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5), 319(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66C और 66D के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
मोबाइल और सिम कार्ड बरामद
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया है। पुलिस अब डिजिटल उपकरणों और लेनदेन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने जारी की साइबर सुरक्षा की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि GeM, बैंकिंग, UPI या किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की लॉगिन आईडी और पासवर्ड किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी संदिग्ध गतिविधि या अनधिकृत लेनदेन की जानकारी मिलने पर तत्काल साइबर पुलिस को सूचना दें।
साइबर अपराध होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करने या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।





