
प्रतापगढ़।
विधानसभा क्षेत्र रानीगंज में मंगलवार को हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत मंडल रानीगंज में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। पूर्व विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा की अध्यक्षता में निकली तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं राष्ट्रप्रेमी नागरिक शामिल हुए।
पूर्व विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा में हाथों में तिरंगा लिए कार्यकर्ता भारत माता के जयघोष करते हुए आगे बढ़े। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया।
पूर्व विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा ने कहा कि तिरंगे में देश के वीर जवानों का त्याग और बलिदान भी समाहित है। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है।
इस अवसर पर सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, पूर्व जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी, शिवगढ़ ब्लॉक प्रमुख सत्यम ओझा, रानीगंज नगर पंचायत अध्यक्ष मीरा गुप्ता, मंडल प्रभारी रुचि केसरवानी, मंडल अध्यक्ष विवेक शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने निकाली तिरंगा यात्रा
विकास खण्ड बिहार के प्राथमिक विद्यालय डेरवा एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय डेरवा के बच्चों ने तिरंगा यात्रा निकाली। तिरंगा यात्रा प्राथमिक विद्यालय डेरवा से प्रारंभ होकर डेरवा बाजार चौराहा-कुंडा रोड होते हुए सबलगढ़ बस्ती से होकर पुनः विद्यालय पहुंची। यात्रा के दौरान बच्चों के साथ साथ शिक्षक भी चल रहे थे।
बच्चे भारत माता की जय घोष के नारे लगा रहे थे। यात्रा में प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रभा शंकर पाण्डेय, उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद कुतुबुद्दीन, शिक्षक बलराम शुक्ला, पुष्पेंद्र पांडे, संतोष कुमार, सईद अहमद सिद्दीकी, विकास चंद्र वैश्य आदि उपस्थित रहे।





