अयोध्याताज़ा ख़बर

अयोध्या में गूंजी राष्ट्रभक्ति की गूंज, शहर से गांव तक निकली तिरंगा यात्रा; भारत माता के जयकारों से गूंजा माहौल

अयोध्या में हर घर तिरंगा अभियान के तहत शहर से ग्रामीण क्षेत्रों तक तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने तिरंगा लेकर देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस पर मौन जुलूस भी निकाला जाएगा।

अयोध्या।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत अयोध्या में राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग यात्रा में शामिल हुए। भारत माता के जयकारों और राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा।

भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री और तिरंगा यात्रा के जिला संयोजक विपिन सिंह बबलू के नेतृत्व में करियप्पा मंडल की तिरंगा यात्रा रिकाबगंज चौराहे से शुरू होकर नियावां तक पहुंची। यात्रा में मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

यात्रा में महिलाएं भी तिरंगा लेकर शामिल हुईं। राष्ट्रगीत की धुन और भारत माता के जयकारों के बीच कार्यकर्ताओं ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। यात्रा के मार्ग में सड़क के दोनों ओर लोगों ने इसका स्वागत किया।

शहर से ग्रामीण क्षेत्रों तक दिखा उत्साह

पूराबाजार में भी तिरंगा यात्रा ब्लॉक मुख्यालय से शुरू होकर पुलिस चौकी तक निकाली गई। यात्रा की अगुवाई विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और ब्लॉक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह ने की। ग्रामीण क्षेत्र में भी यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह नजर आया।

इसके अलावा वीर शहीद अब्दुल हमीद वार्ड, चित्रगुप्त वार्ड समेत शहर के करीब दो दर्जन वार्डों में भी तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। विभिन्न मार्गों पर भारत माता के जयकारे और राष्ट्रभक्ति के नारों के बीच लोगों से हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने की अपील की गई।

प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि तिरंगा देश की एकता और गौरव का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को इसके सम्मान और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का संकल्प लेना चाहिए।

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि तिरंगा यात्रा युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक घर तक राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचाना है। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि अयोध्या में शहर से लेकर गांव तक तिरंगे के सम्मान में लोगों में उत्साह दिखाई दे रहा है।

रिकाबगंज से निकली यात्रा का संयोजन करियप्पा मंडल अध्यक्ष रवि सोनकर ने किया। यात्रा में जिला पंचायत प्रशासक प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित, शक्ति सिंह, युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह, चंद्र प्रकाश गुप्ता, अमल गुप्ता, मनोज जायसवाल, शैलेंद्र कोरी, परमानंद मिश्र, तिलकराम मौर्या, बाल कृष्ण वैश्य, शशिप्रताप सिंह, हरभजन गौड़, रीना द्विवेदी, गरिमा मौर्या, शिवम शुक्ला, विकास सिंह और स्मृता तिवारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

14 अगस्त को निकलेगा विभाजन विभीषिका दिवस पर मौन जुलूस

भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर मौन जुलूस निकाला जाएगा। मौन जुलूस रिकाबगंज से शुरू होकर सर्किट हाउस तक जाएगा।

उन्होंने कहा कि 14 अगस्त भारतीय इतिहास का बेहद पीड़ादायक दिन है। विभाजन के दौरान देशवासियों को भारी कष्ट झेलना पड़ा। उस पीड़ा को भुलाया नहीं जा सकता। वर्तमान पीढ़ी को विभाजन की त्रासदी से अवगत कराने के लिए सर्किट हाउस में संगोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें विभाजन की पीड़ा झेलने वाले परिवारों को आमंत्रित किया जाएगा।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button