
प्रयागराज।
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज द्वारा संचालित नशा उन्मूलन एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत सोमवार को विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए सोरांव क्षेत्र के लेहरा गांव के कंपोजिट विद्यालय, लेहरा में नुक्कड़7 नाटक का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से ग्रामीणों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया तथा नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर गांव पहुंचे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने विद्यार्थियों एवं ग्रामवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि नशा केवल किसी एक व्यक्ति की समस्या नहीं है, बल्कि इसका प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। इसलिए नशा उन्मूलन के अभियान को केवल संस्थागत कार्यक्रम न मानकर सामाजिक आंदोलन का स्वरूप देना होगा।
नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति ज्योति, दिग्विजय, शिवा एवं उनकी टीम ने की। कलाकारों ने नशे के कारण उत्पन्न होने वाली पारिवारिक समस्याओं, स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों तथा सामाजिक एवं आर्थिक कठिनाइयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के संयोजक प्रो. ज्ञान प्रकाश यादव ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव कर्नल विनय कुमार, प्रो. विनोद कुमार गुप्त, प्रो. मीरा पाल, डॉ. साधना श्रीवास्तव, डॉ. अमरेन्द्र कुमार यादव, डॉ. धर्मराज यादव तथा डॉ. आशा कृष्ण सहित विश्वविद्यालय परिवार के सदस्य, विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।



