अयोध्याताज़ा ख़बर

कांवड़ियों पर CM योगी ने बरसाए फूल, हेलिकॉप्टर से भी हुई पुष्पवर्षा; बोले- भक्ति और समरसता का जीवंत उदाहरण

मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रियों का स्वागत करते हुए पुष्पवर्षा की। हेलिकॉप्टर से भी शिवभक्तों पर फूल बरसाए गए। सीएम ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

मेरठ।

श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के बीच शनिवार को मेरठ में आस्था का खास नजारा देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रियों का अभिनंदन करते हुए उन पर पुष्पवर्षा की। इस दौरान कांवड़ मार्ग से गुजर रहे शिवभक्तों पर हेलिकॉप्टर से भी फूल बरसाए गए। कांवड़ियों के ‘हर-हर, बम-बम’ के उद्घोष से पूरा मार्ग गूंज उठा।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की ओर से सभी शिवभक्त कांवड़ यात्रियों का स्वागत और अभिनंदन करते हुए कांवड़ यात्रा को भक्ति, समर्पण, सामाजिक एवं राष्ट्रीय एकता और समरसता का अनुपम उदाहरण बताया।

CM योगी ने किया कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण

मोदीपुरम स्थित दुल्हेड़ा पुलिस चौकी पर कार्यक्रम स्थल पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ यात्रा मार्ग का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से आए शिवभक्तों की श्रद्धा को नमन किया और अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कांवड़ यात्रियों के स्वागत और सुरक्षा के लिए पूरी तत्परता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि देवाधिदेव महादेव के प्रति श्रद्धा रखते हुए सैकड़ों किलोमीटर पैदल यात्रा करने वाले शिवभक्त भक्ति और समर्पण के साथ सामाजिक व राष्ट्रीय एकता और समरसता का उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।

जात-पात और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर शिवभक्ति

सीएम योगी ने कहा कि कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालु जात-पात, क्षेत्र और प्रांत की सीमाओं से ऊपर उठकर भगवान शिव की भक्ति में लीन हैं। उन्होंने कहा कि इस समय पूरे कांवड़ मार्ग पर उत्साह और उमंग का माहौल है।

उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कहा कि जिला प्रशासन, सेक्टर मजिस्ट्रेट, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और पुलिसकर्मी समेत विभिन्न स्तर के अधिकारी कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा में तैनात हैं।

जगह-जगह लगाए गए सेवा शिविर

मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे समाजसेवी और धर्मार्थ संगठनों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्थानों पर लगाए गए सेवा शिविरों के माध्यम से कांवड़ यात्रियों की सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है।

सीएम ने सेवा और सुरक्षा व्यवस्था में जुटे सभी संगठनों और अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

आज, कल और शिवरात्रि तक होगी हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांवड़ यात्रियों पर आज, कल और शिवरात्रि तक हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। उन्होंने इसे भक्ति की पराकाष्ठा बताते हुए देवाधिदेव महादेव से सभी शिवभक्तों की मनोकामना पूर्ण करने की प्रार्थना की।

उन्होंने प्रदेश और देश में सुख, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए भगवान शिव से कृपा की कामना भी की।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार सोमेंद्र तोमर, राज्यमंत्री जलशक्ति दिनेश खटीक, सांसद अरुण गोविल, सांसद बिजनौर चंदन चौहान, सांसद बागपत राजकुमार सांगवान, राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत बाजपेयी, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, विधायक मेरठ कैंट अमित अग्रवाल, विधायक सिवालखास गुलाम मोहम्मद, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, एमएलसी अश्वनी त्यागी समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button