उत्तर प्रदेशताज़ा ख़बरलखनऊ

लखनऊ से हुई देश की पहली महिला प्रोफेशनल वॉलीबॉल लीग की शुरुआत, नवंबर में इकाना में होगा पहला सीजन

लखनऊ से देश की पहली राष्ट्रीय फ्रेंचाइजी आधारित महिला प्रोफेशनल वॉलीबॉल लीग की शुरुआत हुई। पहला सीजन 1 से 11 नवंबर 2026 तक इकाना इंडोर स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें छह टीमें और 84 खिलाड़ी हिस्सा लेंगी।

लखनऊ।

भारतीय खेल जगत के लिए ऐतिहासिक पहल करते हुए देश की पहली राष्ट्रीय फ्रेंचाइजी आधारित महिला प्रोफेशनल वॉलीबॉल लीग का शुक्रवार को लखनऊ में आधिकारिक शुभारंभ किया गया। इस लीग का पहला सीजन 1 से 11 नवंबर 2026 तक इकाना इंडोर स्टेडियम में खेला जाएगा। आयोजन का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को पेशेवर मंच, आर्थिक अवसर और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।

लखनऊ के द सेंट्रम में आयोजित लॉन्च कार्यक्रम की थीम “राइजिंग क्वीन ऑफ द कोर्ट” रही। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

लीग के संस्थापक बुखरात अहमद ने बताया कि पहले सीजन में 6 शहर आधारित फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक टीम में 14 खिलाड़ी होंगे, यानी कुल 84 महिला खिलाड़ी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

उन्होंने कहा कि दुनिया भर में करोड़ों लोग वॉलीबॉल से जुड़े हैं, लेकिन भारत में महिला खिलाड़ियों के लिए अब तक कोई बड़ा प्रोफेशनल मंच नहीं था। इसी कमी को दूर करने के लिए इस लीग की शुरुआत की गई है।

आयोजकों के अनुसार, लीग का लक्ष्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि महिला वॉलीबॉल के लिए मजबूत खेल पारिस्थितिकी तंत्र तैयार करना है। इसके माध्यम से खिलाड़ियों को पेशेवर प्रशिक्षण, आर्थिक सुरक्षा, बेहतर प्रतिस्पर्धा और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा।

आने वाले सप्ताहों में छह फ्रेंचाइजी टीमों के नाम, खिलाड़ियों की नीलामी, प्रसारण साझेदार और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी सार्वजनिक की जाएंगी। आयोजकों का दावा है कि यह लीग भारतीय महिला वॉलीबॉल के इतिहास में नया अध्याय लिखेगी।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button