
प्रतापगढ़।
जिले में पर्यटन की संभावनाओं को नई उड़ान देने के लिए सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर दो महत्वपूर्ण स्थलों को पर्यटन के नक्शे पर विकसित करने की मांग की है। विधायक ने ग्राम कमास, सूर्यगढ़ जगन्नाथ स्थित मोछहा जलाशय को वेटलैंड पर्यटन विकास योजना तथा विकासखंड मंगरौरा के ग्राम औरंगाबाद (तालाबस्ती राम) स्थित प्राचीन फुफ्तेश्वरनाथ धाम (बड़का महादेवन घाट) को इको-टूरिज्म स्थल के रूप में विकसित कराने का अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र 248-प्रतापगढ़ में कई ऐसे धार्मिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक स्थल हैं, जिनमें पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। मोछहा जलाशय जैव विविधता, पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक सौंदर्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसे वेटलैंड पर्यटन विकास योजना के तहत चयनित कर सौंदर्यीकरण, पैदल पथ, बैठने की व्यवस्था, वृक्षारोपण, प्रकाश व्यवस्था, सूचना पट्ट तथा पर्यटक सुविधाओं से विकसित कराया जाए तो यह क्षेत्र प्रकृति पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण का प्रमुख केंद्र बन सकता है।
वहीं औरंगाबाद स्थित प्राचीन फुफ्तेश्वरनाथ धाम को इको-टूरिज्म के रूप में विकसित करने की मांग करते हुए विधायक ने कहा कि यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। स्थल पर संपर्क मार्ग, घाट का सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, विश्राम स्थल, पार्किंग और हरित क्षेत्र जैसी मूलभूत पर्यटन सुविधाएं विकसित होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
विधायक ने मुख्यमंत्री से दोनों स्थलों का सक्षम अधिकारियों से स्थलीय निरीक्षण कराकर आवश्यक परीक्षण कराने तथा प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्रवाई शीघ्र शुरू कराने का अनुरोध किया है। विधायक की इस पहल से जिले के धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के विकास की उम्मीद जगी है।





