अयोध्याताज़ा ख़बर

सांसद अवधेश प्रसाद के कथित अपमान पर सपा का प्रदर्शन, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

अयोध्या के मिल्कीपुर में सांसद अवधेश प्रसाद के कथित अपमान के विरोध में समाजवादी पार्टी ने प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। दोषियों पर एफआईआर, कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई।

अयोध्या।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं फैजाबाद (अयोध्या) के सांसद अवधेश प्रसाद के कथित अपमान के विरोध में मंगलवार को मिल्कीपुर में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अजीत प्रसाद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी मिल्कीपुर को सौंपा।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सांसद अवधेश प्रसाद के चित्र पर जूते-चप्पलों से प्रहार किया गया, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया तथा उनका पुतला फूंका गया। सपा नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द के खिलाफ बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई।

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि घटना में शामिल सभी लोगों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही सांसद अवधेश प्रसाद और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की गई।

अजीत प्रसाद ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन किसी भी जनप्रतिनिधि का सार्वजनिक अपमान, जातिसूचक भाषा का प्रयोग और सामाजिक वैमनस्य फैलाने वाले कृत्य स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष और शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

सपा प्रवक्ता लवलेश पांडेय के अनुसार, ज्ञापन सौंपने वालों में जिला महासचिव बख्तियार खान, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के विधानसभा अध्यक्ष सोहनलाल रावत, जिला उपाध्यक्ष रामजी पाल, डॉ. वेद प्रकाश यादव, रामसतन कोरी, सुनील कुमार कोरी, विश्राम रावत सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button