ओमेक्स सिटी चोरी कांड का खुलासा, फरार आरोपी गिरफ्तार, लाखों के जेवर और नकदी बरामद
लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र स्थित ओमेक्स सिटी में बंद मकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी के जेवरात और नकदी बरामद हुई है। मामले में पहले एक आरोपी जेल भेजा जा चुका है।

लखनऊ।
राजधानी के बिजनौर थाना क्षेत्र स्थित ओमेक्स सिटी में बंद मकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद की गई है। इस मामले में एक अन्य आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत दक्षिणी जोन की पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस उपायुक्त मो. मुश्ताक, अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली वसंथ कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त अभिषेक कुमार पाण्डेय और प्रभारी निरीक्षक कपिल गौतम के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
70 से अधिक CCTV फुटेज से मिला सुराग
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को ओमेक्स सिटी निवासी गर्विता सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बंद मकान का ताला तोड़कर जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया है। घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी को 22 जुलाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी थी।
जांच के दौरान पुलिस ने 70 से 80 CCTV फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर 2 अगस्त को फरार आरोपी शंकर कुमार शाक्य को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया गया।
रेकी कर बंद मकानों को बनाते थे निशाना
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी सुनील उर्फ रंजीत के साथ मिलकर वारदात से पहले बंद मकान की रेकी की थी। इसके बाद दोनों ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और जेवरात, घड़ी, सिक्के, लॉकर की चाबी तथा नकदी चोरी कर ली। आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद जेवरात चोरी के हैं और उन्हें बेचने की तैयारी में था।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी रात में बंद पड़े मकानों की रेकी कर चोरी करते थे और बाद में सामान बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे।
आरोपी पर पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शंकर कुमार शाक्य निवासी रजनीखंड, शारदा नगर, लखनऊ (मूल निवासी बाराबंकी) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस अधिनियम सहित अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सोने की चेन, दो जोड़ी टॉप्स, एक नोज पिन, दो कड़े, एक जोड़ी पायल और 5,230 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।





