ताज़ा ख़बरबाराबंकी

20 फीट लंबे विशालकाय अजगर ने जिंदा हिरण को निगला

बाराबंकी के लोनीकटरा थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव के पास 20 फीट लंबे अजगर ने एक हिरण को जकड़कर निगल लिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर अजगर जंगल की ओर भाग गया। घटना के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे।

बाराबंकी।

जिले के लोनीकटरा थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव के बाहर स्थित जंगलों में रविवार दोपहर एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने ग्रामीणों को दहला दिया। खेतों की ओर जा रहे लोगों ने देखा कि करीब 20 फीट लंबा विशालकाय अजगर एक बड़े हिरण को अपनी मजबूत कुंडली में जकड़े हुए था और उसे मुंह की तरफ से जिंदा निगलने की कोशिश कर रहा था।

घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अजगर हिरण को पूरी तरह अपने कब्जे में लिए दिखाई दे रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झाड़ियों में हलचल होने पर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो विशालकाय अजगर को देखकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई।

ग्रामीणों ने शोर-शराबा और हो-हल्ला किया, जिसके बाद अजगर हिरण को छोड़कर पास के जंगल की ओर सरक गया। हालांकि, तब तक अजगर की जकड़ और मुंह की तरफ से निगले जाने के कारण हिरण की दम घुटने से मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पूरे मुबारकपुर गांव में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि जंगल आबादी के काफी करीब है, जिससे बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। एहतियात के तौर पर गांव के कुछ युवा लाठी-डंडों के साथ आसपास के इलाके में निगरानी कर रहे हैं, ताकि अजगर दोबारा आबादी की ओर न आ सके। इस घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा वन विभाग पर भी फूट पड़ा।

उनका आरोप है कि सूचना देने के घंटों बाद भी विभाग की कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अक्सर जंगली जानवरों की मौजूदगी रहती है, लेकिन शिकायतों के बावजूद वन विभाग समय पर कार्रवाई नहीं करता। लोगों ने मांग की है कि वन विभाग तत्काल इलाके में अभियान चलाकर अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू करे और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करे।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button