ताज़ा ख़बरसीतापुर

सीतापुर में राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन की 145वीं जयंती मनाई गई, हिंदी और राष्ट्रसेवा के योगदान को किया गया नमन

सीतापुर में भारत रत्न राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन की 145वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में उनके हिंदी, शिक्षा और राष्ट्रसेवा के योगदान को याद किया गया तथा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति भी हुई।

सीतापुर:

भारत रत्न, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और हिंदी के प्रखर समर्थक राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन की 145वीं जयंती रविवार को सीतापुर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। राजा टोडरमल स्मारक समिति एवं राजस्व सुरक्षा सेवादल (आरएसएसडी) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके राष्ट्रनिर्माण, हिंदी भाषा के उत्थान और शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कलेक्ट्रेट परिसर स्थित राजा टोडरमल पार्क (पुलिस क्लब के निकट) में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष संजयपुरी ने की। मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी सदर जनार्दन कुमार शासकीय व्यस्तता के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उनकी ओर से हरगांव के नायब तहसीलदार बीरबहादुर सिंह ने कार्यक्रम में पहुंचकर राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। समिति की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान राजा टोडरमल की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन ने हिंदी को राष्ट्रभाषा के रूप में प्रतिष्ठित करने, शिक्षा के विस्तार और स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

देशभक्ति गीतों से गूंजा समारोह

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत तत्सत सेवा संस्थान के अध्यक्ष एवं समिति रंगमंच के प्रदेश अध्यक्ष अभय श्रीवास्तव के नेतृत्व में सुरेंद्र सिंह, अनूप निषाद, सुशील कुमार सिंह, मोहिनी देवी, नाहिद नाज और दुर्गा गौतम ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के अंत में सभी कलाकारों को नायब तहसीलदार बीरबहादुर सिंह ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर समिति के जिला अध्यक्ष एवं बार एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष शिवनाथ मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी संतोष कुमार राव, जिला सचिव अधिवक्ता सौरभ तिवारी, इंदू रानी, अधिवक्ता सविता पाल, संपादक राजा करन सिंह, पत्रकार अनुभव शुक्ला, कुलदीप राठौर, सतीश आर्य, जितेंद्र कुमार, अनुपम गौतम, राजबहादुर, अभिषेक सिंह, सियाराम यादव, लेखपाल कुलदीप श्रीवास्तव, अंकित जायसवाल सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button