


लखनऊ।
राजधानी के विकासनगर थाना पुलिस ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस ने करीब 3 लाख रुपये कीमत के 13 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताते हुए विकासनगर पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की तथा पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे गुमशुदा मोबाइल बरामदगी अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त (पूर्वी), अपर पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) और सहायक पुलिस आयुक्त, गाजीपुर के पर्यवेक्षण में विकासनगर पुलिस लगातार CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की तकनीकी निगरानी कर रही थी।
इसी दौरान तकनीकी विश्लेषण और लगातार प्रयासों के आधार पर पुलिस ने लखनऊ पुलिस आयुक्तालय के अलावा उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से कुल 13 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता प्राप्त की।
पुलिस ने बताया कि सभी बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक स्वामियों का सत्यापन किया गया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद मोबाइल उनके मालिकों को वापस सौंप दिए गए। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।
इस अभियान में थाना विकासनगर के कम्प्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-बी श्रीकांत तिवारी ने CEIR पोर्टल के माध्यम से तकनीकी विश्लेषण कर मोबाइल फोन की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन गुम हो जाए या चोरी हो जाए तो वे तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इससे मोबाइल को ब्लॉक करने और तकनीकी सहायता से उसकी शीघ्र बरामदगी की संभावना बढ़ जाती है।