बाराबंकी जिले के सफेदाबाद स्थित हिंद अस्पताल में भर्ती एक मरीज ने शुक्रवार तड़के अस्पताल की तीसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार टिकैतनगर थाना क्षेत्र के बगौता गांव निवासी 40 वर्षीय राम सुमन लंबे समय से सीने की बीमारी से पीड़ित थे। परिजनों के मुताबिक उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती थी। इलाज के लिए उन्हें 27 जुलाई को सफेदाबाद स्थित हिंद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे राम सुमन अस्पताल की तीसरी मंजिल से नीचे कूद गए। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के समय मृतक की पत्नी सरिता और उनके साले राम प्रसाद अस्पताल में मौजूद थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि राम सुमन मानसिक परेशानी से भी गुजर रहे थे।
घटना की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। सफेदाबाद चौकी प्रभारी संतोष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई करेगी।