सई नदी में कूदे युवक का 20 घंटे बाद भी पता नहीं, पुलिस-एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी
बाबा घुईसरनाथ धाम स्थित सई नदी में छलांग लगाने वाले युवक का घटना के करीब 20 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। सांगीपुर पुलिस और स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी है।

लालगंज,प्रतापगढ़। बाबा घुईसरनाथ धाम स्थित सई नदी में कूदे युवक रवि मौर्य का घटना के करीब 20 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। सांगीपुर पुलिस और स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) की टीम संयुक्त रूप से लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का पता नहीं चल सका था।
जानकारी के अनुसार, अमेठी के संग्रामपुर थाना अंतर्गत विशेषरगंज निवासी रवि मौर्य ने सई नदी में छलांग लगाने से पहले व्हाट्सएप पर एक संदेश भेजा था। संदेश मिलने के बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सांगीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर नदी में तलाश अभियान शुरू कराया गया।
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, बाबा घुईसरनाथ धाम परिसर और नदी किनारे बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुटे रहे। सभी युवक के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार नदी में खोजबीन कर रही है। प्रशासन का कहना है कि युवक की तलाश पूरी गंभीरता के साथ जारी है और अभियान तब तक चलता रहेगा, जब तक युवक का पता नहीं चल जाता।
चौकी प्रभारी घुईसरनाथ अतुल तिवारी ने बताया कि स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। युवक की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।





