संत रविदास 650वीं जयंती पर निकली पावन माटी कलश यात्रा, समरसता संकल्प अभियान का हुआ शुभारंभ
प्रयागराज में संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर समरसता संकल्प अभियान के तहत पावन माटी कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ। सीर गोवर्धनपुर की पावन माटी के साथ निकली यात्रा 10 अगस्त तक महानगर के तीनों विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण करेगी।

प्रयागराज।
संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को पावन माटी कलश यात्रा का भव्य शुभारंभ किया गया। संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से लाई गई पावन माटी को कलश में स्थापित कर रथ के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता और बंधुत्व का संदेश देने के लिए यात्रा निकाली गई।
यात्रा की शुरुआत सिविल लाइंस स्थित भाजपा महानगर कार्यालय से हुई और इसे भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता तथा अभियान के जिला संयोजक आनंद सोनकर ने रवाना किया।
10 अगस्त तक तीनों विधानसभा क्षेत्रों का करेगी भ्रमण
आयोजकों के अनुसार यह पावन माटी कलश यात्रा प्रयागराज महानगर के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी और 10 अगस्त को इसका समापन होगा। यात्रा का पहला चरण दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के निषादराज पार्क, करेलाबाग से शुरू हुआ।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता और अभियान के जिला संयोजक आनंद सोनकर ने पावन माटी का कलश सिर पर रखकर यात्रा का शुभारंभ किया।
समरसता और सामाजिक न्याय का संदेश
भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि समरसता संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज में समता, बंधुत्व, सामाजिक न्याय और सामाजिक समरसता का संदेश घर-घर तक पहुंचाना है।
वहीं कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने कहा कि संत रविदास ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां जाति, वर्ग या किसी भी प्रकार के भेदभाव के लिए कोई स्थान न हो। उनके विचार आज भी समाज को एकता और समानता का मार्ग दिखाते हैं।
20 फरवरी 2027 तक चलेगा अभियान
अभियान के जिला संयोजक आनंद सोनकर ने बताया कि समरसता संकल्प अभियान की शुरुआत 29 जुलाई 2026 से हुई है और यह विभिन्न चरणों में 20 फरवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा।
इस अवसर पर अभियान के सह संयोजक सचिन जायसवाल, कंचनलता कुशवाहा, पूजा गौड़, पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी, शशि वार्ष्णेय, रमेश पासी, डॉ. शैलेश पांडेय, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, प्रमोद मोदी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास
आयोजकों का कहना है कि इस अभियान के माध्यम से संत रविदास के समता, भाईचारे और सामाजिक न्याय के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जाएगा। पावन माटी कलश यात्रा इसी उद्देश्य को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।





