
लखनऊ।
राजधानी के कृष्णानगर थाना क्षेत्र में युवक पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया था।
गले पर चाकू से हमला कर फरार हुआ था आरोपी
पुलिस के मुताबिक 28 जुलाई को जाफरखेड़ा, बाराबिरवा निवासी संदीप कुमार ने कृष्णानगर थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि नामजद आरोपी अशोक कुमार ने संदीप के 23 वर्षीय भाई अभय कुमार पर जान से मारने की नीयत से गले पर चाकू से हमला किया और मौके से फरार हो गया।
इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार दबिश के बाद पुलिस ने 29 जुलाई को भोलाखेड़ा-कनौसी रेलवे फाटक के पास से आरोपी अशोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।
चोरी की कोशिश को लेकर चल रही थी रंजिश
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि कुछ महीने पहले वह भोलाखेड़ा रेलवे फाटक के पास खड़े एक ऑटो से सामान चोरी करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान संदीप कुमार ने उसे देख लिया था, जिससे चोरी की कोशिश नाकाम हो गई थी।
पुलिस के अनुसार इसी बात को लेकर आरोपी संदीप से रंजिश रखने लगा और बदला लेने की योजना बनाई। आरोप है कि 28 जुलाई को मौका मिलने पर उसने संदीप के भाई अभय कुमार पर चाकू से हमला कर दिया।
आरोपी पर गंभीर धाराओं में कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और शस्त्र अधिनियम की धारा 4/25 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।





