जौनपुरताज़ा ख़बर

बच्चों से भरी स्कूल वैन खाई में पलटी, एक दर्जन बच्चे घायल; 5 वर्षीय छात्र प्रयागराज रेफर

जौनपुर के सुजानगंज थाना क्षेत्र में बच्चों से भरी एसएस पब्लिक स्कूल की वैन अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हुए, कई की हालत गंभीर है।

जौनपुर।

सुजानगंज थाना क्षेत्र के बेलवार गांव में गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। बच्चों से भरी एसएस पब्लिक स्कूल की वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे के समय वैन में करीब 18 बच्चे सवार थे। दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

5 वर्षीय छात्र की हालत गंभीर, प्रयागराज रेफर

हादसे में 5 वर्षीय छात्र अभी यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया।

बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी अमित कुमार पांडेय स्वयं सरकारी वाहन से उसे बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज लेकर रवाना हुए।

शिक्षिका और छात्रा भी घायल

दुर्घटना में स्कूल की शिक्षिका संध्या यादव और छात्रा श्रेजा यादव भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

ग्रामीणों ने बचाई बच्चों की जान

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

ग्रामीणों ने वैन के शीशे तोड़कर अंदर फंसे बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वैन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button