
अयोध्या।
मंडलायुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत संचालित विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सोमेन बर्मा, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, मंडल के सभी जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से शामिल हुए।
बैठक में मंडलायुक्त ने समयबद्ध कार्यों के क्रियान्वयन, गुणवत्ता और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग के कार्यों पर जताई नाराजगी
समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग पर कार्यदायी संस्था द्वारा समय पर कार्य पूरा नहीं किए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरे कराए जाएं।
जल जीवन मिशन और जननी सुरक्षा योजना पर दिए निर्देश
हर घर जल योजना की समीक्षा करते हुए सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि एक माह के भीतर कार्यदायी संस्थाओं से गुणवत्ता प्रमाण-पत्र प्राप्त करें तथा परियोजनाओं से जुड़े कर्मचारियों का मानदेय समय पर सुनिश्चित किया जाए।
जननी सुरक्षा योजना में अयोध्या की बेहतर रैंकिंग पर संतोष जताते हुए लाभार्थियों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं फैमिली आईडी अभियान में अयोध्या और अमेठी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए अन्य जिलों को भी रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए गए।
पर्यटन, सड़क और विवाह योजना की हुई समीक्षा
पर्यटन विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर और रायबरेली मार्ग पर बन रहे प्रवेश द्वारों तथा अन्य निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। भूमि विवाद वाले मामलों का शीघ्र निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत अमेठी में लंबित टेंडर प्रक्रिया को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं नई सड़क निर्माण परियोजनाओं की नियमित समीक्षा कर रैंकिंग सुधारने को कहा गया।
कृषि, मत्स्य पालन और गोसंरक्षण पर विशेष फोकस
कृषि विभाग की समीक्षा में बाराबंकी में बाढ़ की स्थिति, खाद की उपलब्धता, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम कुसुम योजना और एग्री-स्टैक की प्रगति की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि किसी भी सहकारी केंद्र पर उर्वरक की कमी नहीं होनी चाहिए।
मत्स्य पालन योजना के तहत अधिक से अधिक तालाबों का आवंटन करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में मत्स्य पालन को रोजगार का मजबूत माध्यम बनाने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा निराश्रित गोवंश संरक्षण के लिए बड़ी गौशालाओं की स्थापना, ईयर टैगिंग, एफएमडी टीकाकरण, चरागाह विकास और पशुपालकों को पशु बीमा के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।
डिजिटल लाइब्रेरी और स्वच्छ भारत मिशन की भी समीक्षा
बैठक में डिजिटल लाइब्रेरी योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, पंचायत सहायकों की भर्ती, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और जीरो पॉवर्टी अभियान की भी समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने आशा कार्यकर्ताओं के शत-प्रतिशत भुगतान पर संतोष व्यक्त करते हुए अमेठी और सुल्तानपुर में हेलीपैड निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।





