
प्रयागराज।
भारत रत्न राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन की जयंती माह के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय युवा खत्री समाज (पंजीकृत) द्वारा आयोजित प्रतिभा खोज प्रतियोगिताओं का आठवाँ चरण मंगलवार को जिले के 12 विद्यालयों और प्रशिक्षण केंद्रों में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। चित्रकला, निबंध लेखन और मेहंदी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, प्रतिभा और सांस्कृतिक चेतना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
12 शिक्षण संस्थानों में हुआ आयोजन
प्रतियोगिताओं का आयोजन दयानंद पब्लिक स्कूल, डीएवी स्कूल, जमुना कॉलेज, जीनियस इंटर कॉलेज (झलवा), दून पब्लिक स्कूल (राजरूपपुर), सरस्वती विद्या मंदिर (कटघर), वृंदा करात (कटघर), महिला सिलाई-कढ़ाई केंद्र (कटघर) और रामराज इंटर कॉलेज (बघाड़ा) सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में किया गया।
आयोजकों ने बताया कि सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और प्रबंधन का आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
आयोजन में कई स्वयंसेवकों का रहा योगदान
कार्यक्रम के सफल संचालन में कमलेश, शिवानी जायसवाल, सौरभ मिश्रा, आरती, आस्था, शिवानी, प्रियंका मिश्रा, निकहत बानो, मनीष, बृजेंद्र त्रिपाठी, मनप्रीत कौर, अनीता सोनकर, डॉ. नीता साहू, नीलम, माला, शीला बहल, अंकित टंडन और अक्छत सिड़ाना सहित अनेक सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
1 अगस्त को होगा भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण
समिति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद जी टंडन (पप्पन जी) ने बताया कि प्रतियोगिताओं का भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 1 अगस्त को लोकसेवक मंडल (लाजपत शिशु विहार), कल्याणी देवी, प्रयागराज में शाम 6:00 बजे आयोजित किया जाएगा।
समारोह के मुख्य अतिथि इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति गौतम चौधरी होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय युवा खत्री समाज (पंजीकृत) के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण बहल करेंगे। इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव अखिल कक्कड़, समाज के पदाधिकारी, शिक्षाविद्, गणमान्य नागरिक तथा प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों ने नागरिकों से की सहभागिता की अपील
आयोजन समिति ने जनपद के सभी विद्यालयों, अभिभावकों और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में समापन समारोह में शामिल होकर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।





