ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़

सत्यापन करने पहुंची पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, आठ नामजद समेत 25 अज्ञात पर मुकदमा

सांगीपुर थाना क्षेत्र के भैंसना गांव में बदमाश के चाल-चलन का सत्यापन करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों द्वारा कथित हमले का मामला सामने आया है। घटना में दो सिपाही घायल हुए हैं। पुलिस ने आठ नामजद और 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर एक महिला आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

लालगंज, प्रतापगढ़।

सांगीपुर थाना क्षेत्र के भैंसना गांव में बदमाश के चाल-चलन का सत्यापन करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों द्वारा कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। हमले में दो आरक्षी घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में आठ नामजद तथा 20 से 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, बलवा समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं घटना के अगले ही दिन एक महिला आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, सांगीपुर थाने में तैनात आरक्षी अनंत कुमार मिश्र और श्रवण कुमार गुप्ता शनिवार की रात करीब साढ़े 12 बजे गश्त के दौरान भैंसना गांव पहुंचे थे। वहां दोनों आरक्षी एक बदमाश के चाल-चलन का सत्यापन कर रहे थे। इसी दौरान शोर-शराबा होने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

आरोप है कि ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में दोनों आरक्षियों को चोटें आईं तथा उनकी वर्दी भी फट गई। सूचना मिलते ही सांगीपुर थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायल सिपाहियों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांगीपुर में भर्ती कराया गया।

घायल आरक्षी अनंत कुमार मिश्र की तहरीर पर पुलिस ने सलमान पुत्र जुम्मन, अख्तरून निशा पत्नी खलूल, जुम्मन व बेंचू पुत्रगण शेर मोहम्मद, किताबुन निशा पत्नी जुमई, शहजादी पुत्री बेंचू, मन्ना पत्नी बेंचू तथा निजाम पुत्र गुलहसन समेत आठ नामजद और 20 से 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, बलवा तथा अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

सोमवार सुबह दरोगा सुमित सिंह ने महिला पुलिसकर्मियों और पुलिस बल के साथ दबिश देकर भैंसना-कटेहटी तिराहे से वांछित आरोपित अख्तरून निशा पत्नी खलूल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपिता की निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। पूछताछ के बाद आरोपिता को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अन्य नामजद एवं अज्ञात आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है। मामले की विवेचना जारी है।

Sanjeev Dwivedi

संजीव द्विवेदी वरिष्ठ पत्रकार हैं और पिछले 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने वर्ष 2004 में अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने अमर उजाला, दैनिक जागरण, श्री टाइम्स और राष्ट्रीय स्वरूप जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में कार्य करते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वे निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं। वर्तमान में दैनिक पॉड के लिए प्रतापगढ़ के लालगंज तहसील संवाददाता के रूप में कार्य कर रहे हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button