प्रतापगढ़ में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ कार्यालय की मांग तेज, उद्योग व्यापार मंडल ने एसपी से की पहल की अपील
प्रतापगढ़ में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ कार्यालय की स्थापना की मांग उठाई। एसपी से शासनादेश के अनुसार कार्यालय खोलने और नियमित बैठकें कराने की अपील की।

प्रतापगढ़। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की मासिक बैठक में जिले में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ कार्यालय की स्थापना का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के शासनादेश के बावजूद प्रतापगढ़ में अब तक व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ का कार्यालय स्थापित नहीं किया गया है, जबकि प्रदेश के अधिकांश जनपदों में यह व्यवस्था पहले से लागू है। 
बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक से जनपद में शीघ्र व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ कार्यालय स्थापित कराने की मांग की। साथ ही कहा कि शासनादेश के अनुसार व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ के जोनल अधिकारी एएसपी (अपर पुलिस अधीक्षक) स्तर के अधिकारी होते हैं, इसलिए प्रकोष्ठ की नियमित बैठकें भी एएसपी के नेतृत्व में ही आयोजित कराई जानी चाहिए, ताकि व्यापारियों की समस्याओं का प्रभावी और समयबद्ध समाधान हो सके।
जिला महामंत्री अर्पित खंडेलवाल ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ का सक्रिय संचालन बेहद आवश्यक है।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शासनादेश का पालन सुनिश्चित कराते हुए जल्द कार्यालय स्थापित करने और नियमित बैठकें कराने की मांग की।
बैठक में संगठन के प्रदेश मंत्री अनुराग खंडेलवाल, जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता, जिला महामंत्री श्रवण कुमार मखीजा, अर्पित खंडेलवाल, जिला उपाध्यक्ष मनोज केसरवानी, दिनेश जायसवाल, अनिल गोयल,
जवाहर लाल उमरवैश्य, जिला कोषाध्यक्ष राजेश केसरवानी, सुरेश सोनी, नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता, नगर महामंत्री बृजेश केसरवानी, दीपक सोनी, अभिषेक, मनीष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।





