लखनऊ: फूलन देवी के शहादत दिवस पर निषाद पार्टी की श्रद्धांजलि सभा, भारत रत्न देने की उठी मांग
लखनऊ में निषाद पार्टी ने पूर्व सांसद फूलन देवी के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ता बिजेंद्र त्रिपाठी ने केंद्र सरकार से फूलन देवी को मरणोपरांत भारत रत्न देने की मांग की।

लखनऊ: पूर्व सांसद फूलन देवी के शहादत दिवस पर निषाद पार्टी ने लखनऊ के सहकारिता भवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद किया।
सभा में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, राजमाता मालती देवी, कार्यकारिणी अध्यक्ष डॉ. अमित निषाद, प्रदेश अध्यक्ष व्यास मुनि निषाद, बाबू राम निषाद, रविंद्र मणि निषाद सहित पार्टी के कई नेता उपस्थित रहे।
बिजेंद्र त्रिपाठी ने उठाई भारत रत्न की मांग
कार्यक्रम के दौरान निषाद पार्टी के कार्यकर्ता बिजेंद्र त्रिपाठी ने केंद्र सरकार से पूर्व सांसद फूलन देवी को मरणोपरांत भारत रत्न दिए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि फूलन देवी ने समाज के वंचित, पिछड़े और कमजोर वर्गों की आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया था। उनके योगदान को देखते हुए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया जाना चाहिए।
सामाजिक और राजनीतिक योगदान को किया याद
कार्यक्रम में वक्ताओं ने फूलन देवी के सामाजिक और राजनीतिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके संघर्ष और योगदान को याद किया। नेताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए कार्य करने का संकल्प भी दोहराया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में निषाद पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





