
प्रतापगढ़। राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) प्रतापगढ़ ने संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने की दिशा में जिला कार्यकारिणी का विस्तार किया है। जिला अध्यक्ष शुभम मिश्रा ने नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए रितेश पाल को जिला महासचिव, मुस्कान यादव एवं अनु यादव को जिला सचिव तथा साहिल सरोज को सोशल मीडिया जिला सचिव नियुक्त किया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए शुभम मिश्रा ने कहा कि संगठन में युवाओं की बढ़ती भागीदारी एनएसयूआई की मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से छात्र-छात्राओं की समस्याओं के समाधान, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्र हितों की लड़ाई को पूरी निष्ठा से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि एवं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि एनएसयूआई छात्र-युवा आंदोलनों की सशक्त आवाज है। नए पदाधिकारियों के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और छात्र-छात्राओं के अधिकारों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती मिलेगी।
इस मौके पर कांग्रेस कोषाध्यक्ष वेदांत तिवारी, मनरेगा प्रभारी रवि भूषण सिन्हा, जिला प्रवक्ता मासूम हैदर, अजीत सिंह, एनएसयूआई एमडीपीजी इकाई अध्यक्ष शिवांशु भट्ट, जिला उपाध्यक्ष विकास पटेल, जिला सचिव अंजलि यादव, जिला सचिव सुधांशु सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं एनएसयूआई कार्यकर्ता मौजूद रहे।





