
प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अंतू पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की पट्टी (फंट्टी) और डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 21 जुलाई को भट्ठी बाजार में हुए विवाद के बाद आरोपियों ने वादी और उसकी पत्नी पर उनके घर के पास हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। मामले में पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में थाना अंतू में मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसपी दीपक भूकर के निर्देश पर थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिरोही के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गौरा डांड रोड स्थित राजू सिंह के भट्टे के पास छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान राजेंद्र वर्मा उर्फ नान्हू वर्मा और अनुज मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की पट्टी (फंट्टी) और डंडा बरामद किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।





