स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में रिकी मिश्रा का दमदार प्रदर्शन, दो रजत पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान
छत्तीसगढ़ राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में लालगंज क्षेत्र के युवा निशानेबाज रिकी मिश्रा ने पिस्टल शूटिंग स्पर्धा में दो रजत पदक जीतकर क्षेत्र और जिले का गौरव बढ़ाया। उपलब्धि की खबर गांव पहुंचते ही खुशी की लहर दौड़ गई और ग्रामीणों ने परिवार को बधाई देकर रिकी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

लालगंज, प्रतापगढ़। क्षेत्र के देऊम पूरब गांव निवासी युवा निशानेबाज रिकी मिश्रा (रिक्की) ने छत्तीसगढ़ राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पिस्टल शूटिंग स्पर्धा में दो रजत पदक अपने नाम कर क्षेत्र और जिले का गौरव बढ़ाया है। बिलासपुर में बुधवार को आयोजित इस प्रतियोगिता में रिकी ने उत्कृष्ट निशानेबाजी का परिचय देते हुए रजत पदक हासिल किए।
रिकी के पिता नीरज कुमार मिश्रा भारतीय स्टेट बैंक में क्षेत्रीय प्रबंधक के पद पर बिलासपुर में कार्यरत हैं। रिकी भी बिलासपुर में रहकर अपनी पढ़ाई के साथ-साथ नियमित रूप से शूटिंग का अभ्यास करता है। उसकी मेहनत और लगन का ही परिणाम है कि उसने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की।
रिकी की इस उपलब्धि की सूचना जैसे ही उसके पैतृक गांव देऊम पूरब (पूरे कच्छवाह) पहुंची, पूरे गांव में खुशी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने रिकी के बड़े पिता धनंजय मिश्रा से मिलकर परिवार को बधाई दी और रिकी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोगों ने विश्वास जताया कि रिकी आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले व प्रदेश का नाम रोशन करेगा।
इस अवसर पर आचार्य बृज बिहारी मिश्रा, शंभूनाथ मिश्रा, सूर्यकांत मिश्रा, शैलेंद्र मिश्रा, अर्जुन सिंह, शिवांशु मिश्रा, भोला यादव, चिंता सरोज, शिवराम सरोज, राजाराम यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और परिवार को शुभकामनाएं दीं।





