प्रयागराज में छात्रों का महाप्रदर्शन: पेपर लीक, भर्ती और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे हजारों युवा
प्रयागराज में हजारों छात्रों ने पेपर लीक, भर्ती में अनियमितताओं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। सिविल लाइंस में निकले मार्च में कई छात्र संगठनों ने पारदर्शी परीक्षा और समयबद्ध भर्ती की मांग उठाई।

प्रयागराज:
प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, भर्ती में अनियमितताओं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को प्रयागराज की सड़कों पर हजारों छात्र उतर आए। सिविल लाइंस में निकले प्रदर्शन में प्रयागराज के अलावा आसपास के कई जिलों से भी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभ्यर्थी शामिल हुए। 
सुभाष चौराहे से पत्थर गिरजाघर तक निकाला मार्च
सुबह करीब 10 बजे शुरू हुए प्रदर्शन में छात्रों ने सुभाष चौराहे से पत्थर गिरजाघर तक मार्च निकाला और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया।
कई छात्र संगठनों ने लिया हिस्सा
प्रदर्शन में दिशा छात्र संगठन, संयुक्त युवा मोर्चा, आइसा और डीएलएड अभ्यर्थी संगठन सहित कई छात्र संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, समयबद्ध भर्ती और रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग की।
पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया पर उठाए सवाल
दिशा छात्र संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के कारण लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की जवाबदेही तय करने और परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की।
वहीं संयुक्त युवा मोर्चा और डीएलएड अभ्यर्थियों ने उत्तर प्रदेश में नई प्राथमिक शिक्षक भर्ती का विज्ञापन जारी करने, रिक्त पद भरने और भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग उठाई।
तेज बारिश भी नहीं रोक सकी प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान हुई मूसलधार बारिश के बावजूद छात्र डटे रहे। बारिश में भी नारेबाजी और प्रदर्शन जारी रहा। मौसम सामान्य होने के बाद प्रदर्शन फिर तेज हो गया।
सिविल लाइंस में दिखा अनोखा प्रदर्शन, तिरंगा ओढ़े छात्र और कॉकरोच की वेशभूषा ने खींचा ध्यान
प्रदर्शन के दौरान कई छात्रों ने रचनात्मक तरीके से अपनी मांगें रखीं। किसी ने तिरंगा ओढ़कर प्रदर्शन किया तो एक छात्र कॉकरोच की वेशभूषा में पहुंचा, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
स्लोगन और पोस्टरों से जताया विरोध
प्रदर्शनकारियों के हाथों में “हमें रोजगार चाहिए”, “परीक्षा कराओ, नियुक्ति दिलाओ”, “युवा न्याय मांग रहा है” और “भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” जैसे संदेश लिखी तख्तियां थीं। कई छात्रों ने व्यंग्यात्मक पोस्टर और कार्टून के माध्यम से भी अपनी बात रखी।
प्रदर्शन में शामिल छात्रों का कहना था कि उनका आंदोलन किसी राजनीतिक दल के समर्थन या विरोध के लिए नहीं, बल्कि पारदर्शी परीक्षा प्रणाली, निष्पक्ष भर्ती और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए है।





