16 लाख का बिजली बिल बकाया, कनेक्शन कटते ही जेई पर तान दी पिस्टल; वायरल VIDEO से मचा हड़कंप
प्रतापगढ़ के कटरा मेदनीगंज में 16 लाख रुपये के बिजली बकाए पर कनेक्शन काटे जाने के बाद होटल संचालक पर जेई अजय कुमार पर पिस्टल तानने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुटी है।

प्रतापगढ़। जनपद में कानून-व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस की सख्ती के बीच शुक्रवार को एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने कानून के खौफ पर सवाल खड़े कर दिए। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) अजय कुमार पर पिस्टल तानने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार कटरा मेदनीगंज स्थित कालिका होटल पर करीब 16 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया था। बकाया जमा न होने पर विभागीय कार्रवाई के तहत होटल का विद्युत कनेक्शन काट दिया गया।
आरोप है कि इससे नाराज होटल संचालक सीधे कटरा स्थित बिजली विभाग के कैंप कार्यालय पहुंच गया और वहां जेई अजय कुमार के साथ अभद्रता करते हुए उन पर पिस्टल तान दी। इतना ही नहीं, गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।
जेई अजय कुमार ने पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत कोतवाली देहात पुलिस को देकर आरोपित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद विभागीय कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।
उधर, सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। वीडियो में दिखाई दे रहे दृश्य को लेकर आम लोगों में भी चर्चा तेज हो गई है कि सरकारी अधिकारी यदि अपने कार्यालय में ही सुरक्षित नहीं हैं, तो कानून का भय अपराधियों में कितना है।
इस संबंध में कोतवाली देहात प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हो गया है। मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है।
यदि वीडियो की पुष्टि होती है और आरोप सही पाए जाते हैं, तो सरकारी कार्य में बाधा, जान से मारने की धमकी तथा शस्त्र के दुरुपयोग जैसी गंभीर धाराओं में कार्रवाई हो सकती है। घटना ने सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।





